Buy Advt. Space

कोंडागांव पुलिस का साइबर जागृति अभियान, जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता

By

विद्यार्थियों और आम नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, जिला कोंडागांव पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन में “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

अभियान के दौरान जिले के विभिन्न स्कूलों, महाविद्यालयों एवं साप्ताहिक बाजारों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीके बताए गए।

ऑनलाइन ठगी और संदिग्ध लिंक से बचने की दी जानकारी

गुंडाधुर पीजी कॉलेज कोंडागांव तथा जैतपुरी-लंजोड़ा के स्कूलों में उप पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ बघेल के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से होने वाले साइबर अपराधों के संबंध में जानकारी दी गई।

बाजारों में पंपलेट बांटकर किया जागरूक

चैतू गायता शासकीय महाविद्यालय फरसगांव तथा टाउन एवं उरंदाबेड़ा साप्ताहिक बाजार में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री अभिनव उपाध्याय ने शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। इस दौरान जागरूकता पाम्पलेट भी वितरित किए गए।

विद्यार्थियों को साइबर अपराध की कार्यप्रणाली समझाई

हायर सेकेंडरी स्कूल गोलावंड में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मर्दापाल श्री नरेंद्र पुजारी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल परिजन या पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।

क्विज प्रतियोगिता के जरिए छात्राओं को किया जागरूक

प्रमिला देवी गर्ल्स कॉलेज कोंडागांव के लाइब्रेरी भवन में उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती स्निग्धा सलामे द्वारा विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्विज प्रतियोगिता भी कराई गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मौके पर पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने की अपील

कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल केशकाल एवं विश्रामपुरी में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस केशकाल श्री अरुण नेताम ने छात्राओं को मजबूत पासवर्ड बनाने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने और साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय बताए। इसके अलावा जिले के सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

साप्ताहिक बाजारों में डिजिटल भुगतान को लेकर दी समझाइश

साइबर सेल कोंडागांव की टीम ने ग्राम दहिकोंगां, करियागांटा एवं डोंगरीगुड़ा के साप्ताहिक बाजारों में आम नागरिकों को डिजिटल भुगतान के दौरान सावधानी बरतने की जानकारी दी। लोगों को अज्ञात ऐप डाउनलोड नहीं करने और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के संबंध में समझाइश दी गई।

साइबर अपराध होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत

कोंडागांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार के सदस्यों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या साइबर अपराध होने पर तत्काल टोल फ्री साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, अज्ञात ऐप और ऑनलाइन भुगतान से जुड़ी गतिविधियों में विशेष सावधानी बरतें तथा अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

Leave a Comment