रवि गहने खैरागढ़ जालबांधा। अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) टंकेश्वर साहू ने शनिवार को पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जालबांधा का आकस्मिक निरीक्षण किया। सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक चले निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विषय चयन, करियर, उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों पर चर्चा की।
एसडीएम ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय के सदुपयोग, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता, समस्या समाधान, टीम वर्क, डिजिटल साक्षरता और रचनात्मक सोच जैसे कौशल भी सफलता के लिए आवश्यक हैं।
संवाद के दौरान स्वामी विवेकानंद के प्रेरक विचारों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, चरित्र निर्माण और सतत परिश्रम का महत्व समझाया गया। साथ ही मोबाइल फोन के सीमित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग की सलाह देते हुए सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेम्स से दूरी बनाकर अध्ययन, पुस्तक पठन, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहने का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य हेमसिंह वर्मा तथा संकुल समन्वयक मधुर सिंह राजपूत भी उपस्थित रहे। विद्यालय के विद्यार्थियों ने एसडीएम द्वारा दिए गए सुझावों का पालन करने का भरोसा जताया।
एसडीएम ने पीएम श्री स्कूल का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को किया प्रेरित








