Buy Advt. Space

स्कूल बसों की जांच, 7 वाहनों में मिलीं कमियां

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव, जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग, यातायात विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा शनिवार को स्कूल बसों का व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले में संचालित 28 स्कूल बसों का भौतिक निरीक्षण किया गया तथा बस चालकों और परिचालकों के स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण भी किए गए।

दस्तावेजों की वैधता की हुई जांच

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बस चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सहित वाहनों से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। इसमें फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, पंजीयन प्रमाणपत्र तथा मोटरयान कर संबंधी दस्तावेजों की वैधता का परीक्षण किया गया।

सुरक्षा मानकों पर रहा विशेष फोकस

संयुक्त टीम ने स्कूल बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का भी गहन परीक्षण किया। जांच के दौरान अग्निशामक यंत्र, सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस डिवाइस, स्पीड लिमिट डिवाइस, आपातकालीन निकास द्वार तथा प्राथमिक उपचार पेटी की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशील स्थिति की जांच की गई।

सात बसों में मिलीं सामान्य कमियां

निरीक्षण अभियान के दौरान 7 स्कूल बसों में सामान्य प्रकार की कमियां पाई गईं। संबंधित वाहन संचालकों को आवश्यक सुधारात्मक कार्य कर 7 दिनों के भीतर जिला परिवहन कार्यालय में वाहनों को पुनः निरीक्षण के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

चालकों और परिचालकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बस चालकों एवं परिचालकों का रक्तचाप, शुगर तथा नेत्र परीक्षण किया। जांच के दौरान एक चालक की दृष्टि कमजोर पाई गई, जिसे चिकित्सकों द्वारा चश्मा लगाने की सलाह दी गई।

नियमित रूप से जारी रहेगा अभियान

जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से स्कूल बसों के निरीक्षण, दस्तावेजों की जांच तथा चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण जैसे अभियान आगे भी नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे, ताकि बच्चों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Comment