रायपुर। छत्तीसगढ़ के Raipur के उरला क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शासकीय स्कूल परिसर में एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान पारधी पारा निवासी राधा मंडावी के रूप में हुई है।
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने स्कूल परिसर के भीतर महिला का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। शव खून से लथपथ हालत में मिला और पास ही खून से सना पत्थर बरामद हुआ है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि महिला की सिर कुचलकर हत्या की गई है। घटनास्थल पर संघर्ष के निशान भी मिले हैं, जो वारदात की गंभीरता को दर्शाते हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के पति और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।
प्रारंभिक जांच में पुलिस पारिवारिक विवाद समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा होगा और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
सरकारी स्कूल परिसर में महिला की लाश, सिर कुचलकर हत्या की आशंका








