ब्यूरो चीफ। रवि गहने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (जालबांधा) जालबांधा। क्षेत्र के ग्राम पोटिया में धान की पैरावट (पराली) में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है, जिसमें पूरा चारा जलकर राख हो गया। घटना से किसान को भारी नुकसान हुआ है।
रात करीब 9:30 बजे लगी आग
पीड़ित किसान महेंद्र जांगड़े ने बताया कि घटना रात करीब 9:30 बजे की है। आग लगने के बाद उसे बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तेज लपटों के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका और पूरा पैरावट जलकर नष्ट हो गया।
शराब पीने वालों पर संदेह
महेंद्र जांगड़े के अनुसार, कुछ लोग अक्सर वहां आकर शराब पीते हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने जलती हुई सिगरेट या बीड़ी फेंक दी, जिससे आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे पैरावट को अपनी चपेट में ले लिया।
पशुओं के चारे की समस्या
किसान ने बताया कि यह पैरावट बरसात के दिनों में पशुओं को खिलाने के लिए रखा गया था, जो अब पूरी तरह जल गया है। इससे अब पशुओं के लिए चारे की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
प्रशासन से मदद की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर पीड़ित किसान को मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उसे राहत मिल सके।








