Buy Advt. Space

नैनो उर्वरकों से युवा किसान पुनम की खेती हुई लाभकारी

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांवकोंडागांव, जिले के ग्राम दावड़ीबेड़ा (चिखलपुटी) के युवा किसान पुनम नेताम आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती में सफलता की नई मिसाल पेश कर रहे हैं। नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के उपयोग से उन्होंने अपनी फसलों की उत्पादकता बढ़ाने के साथ खेती को अधिक लाभकारी बनाया है।

दो वर्षों से कर रहे हैं नैनो उर्वरकों का प्रयोग

पुनम नेताम पिछले दो वर्षों से धान, मक्का और सब्जी फसलों में नैनो उर्वरकों का उपयोग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस तकनीक से फसल की वृद्धि बेहतर हुई है और उत्पादन में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली है।

मक्का उत्पादन में मिली विशेष सफलता

युवा किसान ने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने 10 एकड़ भूमि में मक्का की खेती की थी। नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के प्रयोग से फसल का विकास बेहतर हुआ तथा उत्पादन में वृद्धि दर्ज की गई, जिससे उनकी आय में भी बढ़ोतरी हुई।

पौधों को सीधे मिलता है पोषण

पुनम के अनुसार नैनो उर्वरकों का छिड़काव सीधे पौधों की पत्तियों पर किया जाता है। इससे पोषक तत्व तेजी से पौधों तक पहुंचते हैं और उर्वरकों की उपयोग क्षमता बढ़ जाती है। साथ ही मिट्टी की उर्वरा शक्ति भी सुरक्षित बनी रहती है।

खेती की लागत हुई कम, मुनाफा बढ़ा

उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग से खेती की लागत में कमी आई है और उत्पादन बढ़ने से आर्थिक लाभ भी मिला है। उन्होंने अन्य किसानों से भी वैज्ञानिक खेती और नैनो उर्वरकों को अपनाने की अपील की।

कृषि विभाग के मार्गदर्शन से बढ़ रहा आधुनिक खेती का दायरा

पुनम नेताम ने बताया कि राज्य एवं केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजनाएं, गुणवत्तापूर्ण बीज एवं उर्वरकों की उपलब्धता तथा कृषि विभाग के निरंतर मार्गदर्शन से किसानों को नई तकनीकों को अपनाने में मदद मिल रही है। इससे जिले में आधुनिक और लाभकारी खेती को बढ़ावा मिल रहा है।

Leave a Comment