ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, विद्युत उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम की कार्यप्रणाली से अवगत कराने के उद्देश्य से संभागीय कार्यालय, विद्युत विभाग कोण्डागांव में जागरूकता बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ताओं ने भाग लिया।
फोरम अध्यक्ष ने बताई शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया
बैठक में जगदलपुर क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के अध्यक्ष श्री पी. आर. साहू मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, फोरम की भूमिका तथा उसके अधिकार क्षेत्र के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि विद्युत आपूर्ति में बाधा, निम्न वोल्टेज, मीटर संबंधी समस्याएं, बिलिंग त्रुटियां, नए कनेक्शन, विद्युत विच्छेदन एवं पुनर्संयोजन में विलंब जैसी समस्याओं के समाधान के लिए फोरम एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराता है।
उपभोक्ताओं की समस्याओं का किया गया समाधान
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित उपभोक्ताओं ने अपनी विभिन्न जिज्ञासाओं एवं समस्याओं से जुड़े प्रश्न रखे। फोरम अध्यक्ष एवं विभागीय अधिकारियों ने सभी प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर देते हुए शिकायत निवारण की प्रक्रिया से अवगत कराया।
गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवा देने के लिए विभाग प्रतिबद्ध
बैठक में कार्यपालन अभियंता श्री जूसफ़ केरकेट्टा ने कहा कि विद्युत विभाग उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत सेवा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने उपभोक्ताओं से सुरक्षित एवं वैध रूप से बिजली का उपयोग करने तथा विद्युत चोरी जैसी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की।
विद्युत सुरक्षा और ऊर्जा संरक्षण पर भी दिया गया मार्गदर्शन
कार्यक्रम के अंत में उपभोक्ताओं को विद्युत सुरक्षा, ऊर्जा संरक्षण तथा शिकायत निवारण तंत्र से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और उपस्थित उपभोक्ताओं ने विभाग की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में कार्यपालन अभियंता इतरा खत्री, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








