ब्यूरो रवि गहने खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर कार्यालय परिसर में संचालित जिला आबकारी कार्यालय एक बार फिर चर्चा में है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित वीडियो ने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। वीडियो में आबकारी विभाग के दो कर्मचारी कार्यालय परिसर में शराब का सेवन करते दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में जिला आबकारी कार्यालय के सहायक ग्रेड-3 सुजीत पुरी गोस्वामी एवं मुख्य लिपिक वीरेंद्र सिंह यादव कथित रूप से शराब पीते नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि वीडियो ड्यूटी समय के दौरान कार्यालय परिसर में ही बनाया गया है। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन या संबंधित विभाग द्वारा अभी तक नहीं की गई है।
इस घटना के सामने आने के बाद सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और कर्मचारियों के आचरण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व बीईओ कार्यालय से भी कर्मचारियों के शराब सेवन का कथित वीडियो वायरल हुआ था। अब आबकारी विभाग से जुड़ा मामला सामने आने के बाद चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
यदि जांच में वीडियो की सत्यता की पुष्टि होती है, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग जोर पकड़ सकती है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच और आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
कलेक्टर परिसर में शराबखोरी का आरोप, आबकारी कर्मचारियों का वीडियो वायरल








