रवि गहने खैरागढ़ जालबांधा। क्षेत्र में खाद विभाग की टीम ने देर रात तक सघन निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई खाद एवं अन्य सामग्री विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि मेडिकल, सैलून, कपड़ा और इलेक्ट्रॉनिक दुकानों को छोड़ अधिकांश दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से चले गए, जिससे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने कई दुकानों की जांच की तथा खाद सहित अन्य सामग्री के नमूने (सैंपल) एकत्र किए। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जहां निर्धारित मानकों के अनुसार जांच की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद उपलब्ध कराने तथा नकली एवं अमानक खाद की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। जांच रिपोर्ट में अनियमितता मिलने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खाद विभाग ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों की सुरक्षा और बाजार में गुणवत्तापूर्ण सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।








