ब्यूरो नूतन साहू गरियाबंद। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के नेतृत्व में मैनपुर थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित ग्राम नगरार में कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी मूलभूत समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बिजली, पानी, स्कूल भवन और स्वास्थ्य सुविधा से जुड़ी परेशानियों को सामने रखा। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की बात कही। इस दौरान बच्चों को स्कूल बैग, चप्पल, चॉकलेट और बिस्किट वितरित किए गए, वहीं ग्रामीण महिलाओं को साल और साड़ी दी गईं।
एसपी राखेचा ने बताया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था की संरक्षक नहीं, बल्कि समाज की भागीदार भी है। उन्होंने ग्रामीणों को शासन की आत्मसमर्पण नीति की जानकारी देते हुए कहा कि जो नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, वे स्थानीय थाना या कैंप में संपर्क कर आत्मसमर्पण कर सकते हैं। इस संबंध में जानकारी हेतु दूरभाष नंबर 94792-27805 जारी किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में पुलिस के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना देखने को मिली। पुलिस प्रशासन ने भरोसा जताया कि क्षेत्र में शांति और विकास के लिए इस तरह के कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।
गरियाबंद में नक्सल क्षेत्र नगरार में पुलिस का जनसंवाद कार्यक्रम








