ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन और राजस्व प्रकरणों पर विशेष जोर
बैठक में कलेक्टर ने बस्तर मुन्ने एवं सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व विभाग के अधिकारियों को सभी लंबित प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना तथा एग्रीस्टैक के तहत किसानों के पंजीयन की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाने और कृषक उन्नति योजना के कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवास निर्माण कार्य जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
शिक्षा व्यवस्था और अपार आईडी पर समीक्षा
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान सभी विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित एवं समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली का कड़ाई से पालन कराने तथा विद्यार्थियों की अपार आईडी से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
श्रमिकों के अनिवार्य पंजीयन पर बल
श्रम विभाग को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिले में विभिन्न विभागों द्वारा निर्माणाधीन भवनों में कार्यरत सभी श्रमिकों का श्रम पंजीयन अनिवार्य रूप से कराया जाए। उन्होंने अपंजीकृत श्रमिकों का शीघ्र पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि वे शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
नगरीय क्षेत्र की रिक्त दुकानों की होगी नीलामी
बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी को नगरीय क्षेत्र में स्थित रिक्त दुकानों की नीलामी कर उनका संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर ने बैठक में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेख वितरण, महतारी वंदन योजना, मातृ वंदना योजना, सूर्य घर योजना तथा विद्युत विभाग द्वारा निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्रों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।








