ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, भीम आर्मी भारत एकता मिशन, जिला कोण्डागांव ने एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा कर सुरक्षा बढ़ाने और उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में विनोद कुमार सहनी निषाद हत्याकांड की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। इस संबंध में संगठन की ओर से राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा की मांग
संगठन ने ज्ञापन में कहा कि भीम आर्मी के संस्थापक एवं नगीना लोकसभा सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद लगातार वंचित, शोषित एवं बहुजन समाज के अधिकारों तथा संवैधानिक मूल्यों से जुड़े मुद्दे लोकतांत्रिक माध्यम से उठाते रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर पर्याप्त एवं प्रभावी सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई।
हमले के प्रयास की उच्चस्तरीय जांच की मांग
ज्ञापन में चंद्रशेखर आजाद पर हुए हमले के प्रयास की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने कहा कि जांच के दौरान किसी साजिश या अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आने पर उनकी पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
विनोद कुमार सहनी निषाद हत्याकांड की जांच की मांग
भीम आर्मी ने उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र में विनोद कुमार सहनी निषाद की हत्या की घटना को गंभीर बताते हुए मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की। संगठन ने वास्तविक दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कानून के अनुसार कार्रवाई तथा मृतक के परिवार को आवश्यक सुरक्षा, न्याय और नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सुरक्षा पर जोर
ज्ञापन में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। संगठन ने केंद्र और राज्य सरकार से जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा उत्तर प्रदेश में हिंसक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की मांग की।
ये पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे उपस्थित
ज्ञापन के दौरान जिला अध्यक्ष हेम सिंह मौर्य, जिला उपाध्यक्ष कवल सिंह सोढ़ी, जिला प्रवक्ता पी.एल. विश्वकर्मा, जिला सचिव गौरी शंकर नाग, कोषाध्यक्ष बनी राम नेताम, मीडिया प्रभारी आशीष मौर्य, ब्लॉक माकड़ी कोषाध्यक्ष बालेश्वर नाग, जानकू सोढ़ी, रामेश्वर कश्यप सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








