Buy Advt. Space

पेन स्थलों की पुनः स्थापना को लेकर ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, पांचवीं अनुसूची के अधिकारों का दिया हवाला

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, शहर के बड़े कनेरा मार्ग स्थित आदिवासी समुदाय के पारंपरिक पेन (देव) स्थल और मरघट की भूमि पर सड़क एवं अन्य निर्माण कार्य कराए जाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। नार्र गायता बुद्धसिंह कोर्राम और आदिवासी समाज के लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए इसे अपनी पारंपरिक रूढ़ि प्रथा और संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन बताया है। ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पेन (देव) स्थलों की पुनः स्थापना भी की है।

पूर्वजों के समय से चली आ रही है पूजा-अर्चना और अनुष्ठान की परंपरा

मीडिया से चर्चा करते हुए गायता परिवार के सदस्य बलराम कोर्राम ने बताया कि उनके पूर्वजों के समय से ही नार्र गायता की परंपरा के तहत इस स्थान पर करसाड़, मरका पंडुम और तीज पंडुम जैसे पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते रहे हैं। यह स्थल आदिवासी समाज की आस्था, संस्कृति और पारंपरिक व्यवस्था से जुड़ा हुआ है।

परिवार का आरोप है कि प्रशासन ने नार्र गायता की अनुमति के बिना जेसीबी और बुलडोजर चलाकर पेन स्थलों को क्षतिग्रस्त किया और वहां सड़क निर्माण का कार्य कराया। ग्रामीणों का कहना है कि इस कार्रवाई से उनकी धार्मिक आस्था और वर्षों पुरानी परंपराओं को ठेस पहुंची है।

पारंपरिक विधि-विधान से पेन स्थलों की दोबारा स्थापना

गायता परिवार के अनुसार, पेन स्थलों को क्षति पहुंचने के बाद समाज के सिरहा-गुनिया और पारंपरिक माध्यमों से देवताओं की नाराजगी सामने आई। इसके बाद देवताओं के आह्वान पर क्षेत्र के प्रमुख पेन और पारंपरिक धार्मिक प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया।

इस दौरान बड़े डोंगर से नरसिंगनाथ मुदिया, केशकाल से कुंवरपाट तादो, लखापुर से गुटे मुदिया तादो, जोबा कुंवर, देश मात्रा के भूमियार का बड़गी, पील कुंवर तादो और करंजी से बया कुंवर तादो को बुलाया गया। परिवार के मुताबिक, उनके द्वारा बताए गए पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार पेन स्थलों की पुनः स्थापना की गई।

पांचवीं अनुसूची और रूढ़ि प्रथा के अधिकारों का दिया हवाला

नार्र गायता परिवार ने इस क्षेत्र को संविधान की पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत बताते हुए रूढ़ि प्रथा और संविधान के अनुच्छेद 13(3)(क) का हवाला दिया है। ग्रामीणों का तर्क है कि कोण्डागांव (नार्र) की बसाहट उनके पूर्वजों द्वारा हजारों वर्ष पहले स्थापित की गई थी। उस समय नगरपालिका, तहसील और जिला जैसी प्रशासनिक व्यवस्थाएं अस्तित्व में नहीं थीं।

परिवार का कहना है कि ऐसे पारंपरिक स्थल की भूमि को नजूल भूमि बताकर उस पर निर्माण कार्य करना उचित नहीं है। उन्होंने अपनी पारंपरिक व्यवस्था, धार्मिक आस्था और भूमि से जुड़े अधिकारों के संरक्षण की मांग उठाई है।

राज्यपाल, कलेक्टर और न्यायालय में आवेदन देने के बावजूद सुनवाई नहीं होने का आरोप

नार्र गायता परिवार के सदस्यों का कहना है कि पेन स्थल को संरक्षित रखने के लिए उन्होंने पूर्व में राज्यपाल, कलेक्टर, न्यायालय और जनप्रतिनिधियों के समक्ष कई बार आवेदन प्रस्तुत किए हैं। इसके बावजूद उनकी शिकायतों पर कोई प्रभावी सुनवाई नहीं हुई।

परिवार ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) को चेतावनी देते हुए कहा है कि भविष्य में यदि इस स्थान पर किसी प्रकार की निर्माण गतिविधि या अन्य कार्रवाई की जाती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

पारंपरिक देव स्थलों के संरक्षण की उठाई मांग

इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों ने अपने पारंपरिक पेन स्थलों, धार्मिक मान्यताओं और रूढ़ि प्रथा के संरक्षण की मांग उठाई है। उनका कहना है कि आदिवासी समाज की पहचान केवल उसकी संस्कृति और परंपराओं से ही नहीं, बल्कि पीढ़ियों से संरक्षित धार्मिक स्थलों से भी जुड़ी हुई है। ऐसे स्थलों का संरक्षण समाज की आस्था और सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखने के लिए आवश्यक है।

फिलहाल बड़े कनेरा मार्ग स्थित पेन स्थल और मरघट की भूमि को लेकर ग्रामीणों की आपत्तियों के बीच प्रशासन का पक्ष सामने आना बाकी है।

Leave a Comment