छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम जरवे से एक बेहद निंदनीय मामला सामने आया है। गांव के मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज भवन में स्थापित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं को अज्ञात शरारती तत्वों ने जन्माष्टमी की रात कालिख पोतकर अपमानित कर दिया।
ग्रामीणों में गहरा आक्रोश
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग समाज भवन में एकत्र होकर इस कृत्य की निंदा करने लगे। ग्रामीणों के अनुसार, प्रतिमाओं पर डिस्टेंपर या पेंट जैसी सामग्री से कालिख पोती गई थी।
इन प्रतिमाओं को किया अपमानित
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सालिक राम चंद्रवंशी
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी झालू राम चंद्रवंशी
वरिष्ठ समाजसेवी स्व. चौबीस राम चंद्रवंशी
इनकी प्रतिमाओं के अलावा भवन परिसर की नेमप्लेट को भी नुकसान पहुंचाया गया।
गिरफ्तारी की उठी मांग
ग्रामीणों और समाजजनों ने इस घटना को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान बताते हुए कड़ी निंदा की है और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
सूचना मिलते ही पलारी थाना पुलिस और अनुविभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रतिमाओं का निरीक्षण कर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धार्मिक भावना भड़काने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बलौदा बाजार में शर्मनाक घटना : शरारती तत्वों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं पर पोती कालिख, लोगों में आक्रोश








