रिपोर्ट | रिसाली, 14 अगस्त
रिसाली में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दंग कर दिया। मामला सीधे तौर पर नशे में चूर बदमाशों की गुंडागर्दी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। घटना ने न केवल आम जनता को भयभीत किया, बल्कि ऑनलाइन डिलीवरी कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंताएं उजागर कर दी हैं।
कैसे हुआ हमला?
शाम के समय जोमैटो डिलीवरी बॉय हिमांशु अपने ऑर्डर की डिलीवरी लेकर प्रगति नगर, सड़क नंबर 13 पहुंचा। यहां पहले से तीन आदतन अपराधी खड़े थे, जो पैसों के इंतज़ाम के लिए मौके की तलाश में थे। जैसे ही उन्होंने मासूम और सीधा-साधा डिलीवरी कर्मी को देखा, बदमाशों ने उसे घेर लिया और चाकू दिखाकर पैसे की मांग करने लगे। सूत्रों के मुताबिक वहां तीन अपराधी के नाम चंदन, आकाश और भारत बताया जा रहा है
लेकिन चश्मदीद ने एक और व्यक्ति को वहां देखा था जिसका नाम अभी स्पष्ट नहीं है।
हिमांशु ने डर के मारे ₹1000 से ₹1200 तक उन्हें दे दिए, लेकिन गुंडे यहीं नहीं रुके। नशे में धुत इन अपराधियों ने पास में पड़ी शराब की बोतल को तोड़ा और उसके नुकीले शीशे से हिमांशु के गले पर वार कर दिया।
घायल अवस्था में भी हिमांशु वहां से निकलने की कोशिश करता रहा, लेकिन खून बहता देख आसपास के लोगों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया।
जमकर हुई पिटाई
घटना की खबर जैसे ही डिलीवरी बॉय के साथियों तक पहुंची, पूरा जोमैटो स्टाफ गुस्से में रिसाली चौक पर इकट्ठा हो गया। इसी दौरान दो बदमाश वहां दिखे, जिन्हें लोगों ने पकड़कर जमकर पीटा। चश्मदीदों के मुताबिक, बदमाश इतने नशे में थे कि उन्हें यह भी एहसास नहीं था कि उन्हें पीटा जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
जब आरोपी पुलिस के हवाले किए गए, तो उन्होंने उल्टे पुलिस पर ही आरोप मढ़ना शुरू कर दिया कि “आप ही लोगों ने हमें मारा है”। पुलिस ने मौके से भारत नाम के एक आरोपी को हिरासत में ले लिया, जबकि दूसरा आदतन अपराधी आकाश धोबी मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आकाश धोबी पहले भी लूटपाट और मारपीट की कई घटनाओं में शामिल रहा है।
नशे का कहर और कानून का डर नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है और इसी कारण अपराध की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। शराब और नशीले पदार्थों के नशे में धुत बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं दिख रहा।
लोगों की नाराज़गी और मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों और डिलीवरी कर्मियों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अगर ऐसे अपराधियों को कड़ी सजा न दी गई, तो आए दिन इस तरह की घटनाएं होती रहेंगी। साथ ही इलाके में गश्त बढ़ाने और नशे के अड्डों पर ताले लगाने की मांग भी उठी है।
निचोड़
रिसाली की यह घटना महज़ एक डिलीवरी बॉय पर हमला नहीं, बल्कि यह समाज में पनप रही बेखौफ गुंडागर्दी और नशे के खतरनाक असर की चेतावनी है। जब तक प्रशासन और पुलिस मिलकर नशे और अपराध पर नकेल नहीं कसते, तब तक आम जनता की सुरक्षा खतरे में बनी रहेगी।








