Buy Advt. Space

छत्तीसगढ़ : बॉयफ्रेंड को बाइक दिलाने के लिए गर्लफ्रेंड ने किया चोरी का प्लान, 95 हजार नगद और 2 लाख के जेवर बरामद

By



कांकेर। प्यार में अंधी हुई एक युवती ने अपने प्रेमी के लिए बाइक खरीदने की चाहत में अपराध की राह पकड़ ली। कांकेर जिले के हल्बा चौकी क्षेत्र में रहने वाली आरोपी युवती करुणा पटेल ने अपने प्रेमी ताम्रध्वज विश्वकर्मा के साथ मिलकर एक सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।



वारदात का खुलासा
मामला 9 अगस्त का है, जब डूमरपानी गांव निवासी कन्हैया पटेल ने पुलिस को घर में चोरी की शिकायत दी। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान पता चला कि चोरी के दिन करुणा पटेल और ताम्रध्वज विश्वकर्मा संदिग्ध हालात में गांव में घूम रहे थे। शक के आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां करुणा ने जुर्म कबूल कर लिया।

कैसे दी वारदात को अंजाम
करुणा ने बताया कि प्रेमी को बाइक दिलाने के लिए पैसे की जरूरत थी, इसलिए दोनों ने अपने परिचित के घर चोरी का प्लान बनाया। आरोपी प्रेमिका ने बसूला से ताला तोड़कर घर में रखी दो पेटियों को तोड़ा और उसमें से 95 हजार नगद और करीब 2 लाख रुपये के जेवर चुरा लिए। नगद रकम प्रेमी को बाइक खरीदने के लिए दे दी गई, जबकि जेवर आरोपी युवती के घर में रख दिए गए।

पुलिस की कार्रवाई
कांकेर पुलिस ने ताम्रध्वज के घर से 95 हजार रुपये नगद और करुणा के घर से 2 लाख रुपये के जेवर बरामद किए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Comment