Buy Advt. Space

छत्तीसगढ़: अलग-अलग हादसों में तीन युवकों की दर्दनाक मौत, घरों में पसरा मातम

By



बलौदाबाजार बिलासपुर गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के तीन जिलों में रविवार को अलग-अलग दर्दनाक हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसों ने न सिर्फ संबंधित परिवारों को गमगीन किया, बल्कि स्थानीय लोगों में भी गहरा आक्रोश और चिंता का माहौल है।


अंधेरे बायपास पर मौत का टक्कर



बलौदाबाजार के सकरी बायपास पर बीती रात एक बाइक सड़क पर लगे स्टॉपर से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार लखन सोनवानी (55 वर्ष), निवासी ग्राम हरिनभट्ठा, थाना गिधपुरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि व्यस्त बायपास पर रोशनी की कोई व्यवस्था नहीं है। साथ ही 108 एम्बुलेंस भी समय पर नहीं पहुंच सकी, जिससे ग्रामीणों को घायल को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाना पड़ा। घायल का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।



बिजली सुधारते वक्त युवक की करंट से मौत

बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र स्थित यदुनंदन नगर निवासी श्यामू डाहिरे की उस समय मौत हो गई जब वह बिजली सुधारने के दौरान करंट की चपेट में आ गया। वह सीढ़ी पर चढ़कर कार्य कर रहा था, तभी अचानक सीढ़ी में करंट फैल गया।
सूचना पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


तेज रफ्तार और लापरवाही से छिन गई जान

गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र के गिरसुल मोड़ के पास एक बाइक हादसे में झिरीपानी निवासी युवक की मौत हो गई। बाइक पर तीन युवक सवार थे और वे ओडिशा से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और ट्रिपल सवारी के चलते बाइक असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।


राज्य में लगातार हो रहे सड़क हादसे और सुरक्षा उपायों की कमी लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क सुरक्षा और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Comment