Buy Advt. Space

सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न

By

भिलाई/सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के सतर्कता विभाग द्वारा, सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2023 के समापन समारोह के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और निर्णायकों को सम्मानित करने के लिए, पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन, 04 नवम्बर 2023 को संयंत्र के मानव संसाधन विकास केन्द्र के सभागार में किया गया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2023 के दौरान, विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे निबंध, स्लोगन, क्विज, तात्कालिक वाद-विवाद, भाषण, ड्राइंग और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। संयंत्र के कर्मचारियों, भिलाई के आसपास के स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभाव, सत्यनिष्ठा का महत्व, पारदर्शिता, व्यक्तिगत और सार्वजनिक जीवन में जवाबदेही का महत्व आदि के प्रति जागरूक करने हेतु, इन कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था।समारोह में भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री अनिर्बान दासगुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री अंजनी कुमार, कार्यपालक निदेशक (प्रोजेक्ट्स) श्री एस मुखोपाध्याय, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री अजय कुमार चक्रबर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) डॉ अशोक कुमार पंडा, कार्यपालक निदेशक( कार्मिक एवं प्रशासन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (माइंस) श्री बी के गिरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवांए) डॉ एम रविन्द्रनाथ, महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ श्री सत्यब्रत कर सहित संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी, मुख्य महाप्रबंधक तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे। इसके साथ-साथ पुरस्कार विजेता स्कूल और कॉलेज के छात्र व विभिन्न कार्यक्रमों के प्रतिभागी भी मौजूद थे।मुख्य अतिथि, श्री अनिर्बान दासगुप्ता ने अपने प्रेरक शब्दों से सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने समस्त सेल बिरादरी के सतर्कता विभाग को सम्मान मिलने तथा बीएसपी को एंटी ब्राइबरि मैनेजमेंट सिस्टम का सर्टिफिकेट मिलने पर बधाई दी। सभी प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों तथा रोचक तरीके से नाट्य प्रस्तुत करने वाले कार्मिक कलाकरों एवं वाद विवाद प्रस्तुत करने वाले बच्चों को शुभकामनाओं के साथ बधाई दी। उन्होंने कहा कि सिर्फ भ्रष्टाचार ही हमे विकास से नहीं रोक रही है, अपितु कभी-कभी हमारे व्यवहार में अनैतिकता भी इसके लिए जिम्मेदार होते हैं। देश की बात आने पर झूठ कभी भी मान्य नहीं होगा। इसलिए, भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाना आवश्यक है, ताकि हमारे देश को सही मायने में एक विकसित राष्ट्र बनाया जा सके। इसके लिए सभी का योगदान और हर जगह पर जागरूक रहना आवश्यक है। हमे सभी जगहों पर सतर्क और जागरूक रहना चाहिए, चाहे वो सेफ्टी का, उत्पादन का या अनुरक्षण का विषय क्यों ना हो।समारोह की शुरुआत बीएसपी स्कूलों के स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत के साथ किया गया तथा अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। इसके बाद समारोह का शुभारम्भ उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों द्वारा, श्री सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया गया। महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ श्री सत्यब्रत कर द्वारा स्वागत भाषण प्रस्तुत किया गया। स्वागत भाषण के पश्चात वाद-विवाद प्रतियोगिता के प्रथम पुरस्कार विजेताओं ने सभा के समक्ष अपने वाद-विवाद विषय पर प्रस्तुति दी। भ्रष्टाचार के खिलाफ संदेश तथा सतर्कता संकल्प के महत्व पर आधारित बीएसपी कर्मचारियों द्वारा नाट्य का प्रदर्शन किया गया। तत्पश्चात सभी विजेताओं, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों को श्री अनिर्बान दासगुप्ता एवं विशेष अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री अनिकेत एस ओझा द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा संचालन सहायक महाप्रबंधक (सतर्कता) मो. नौशाद आलम द्वारा किया गया था। भिलाई इस्पात संयंत्र के सतर्कता विभाग की पूरी टीम के योगदान से समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Leave a Comment