छुईखदान । छुईखदान नगर में बढ़ते सड़क हादसों और नौनिहालों द्वारा बिना लाइसेंस और हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने की समस्या पर आगाज़ न्यूज़ के द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित किए जाने के बाद अब प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। यातायात विभाग ने आज रानी अवंतीबाई शासकीय कॉलेज के पास एक चेकिंग प्वाइंट स्थापित किया और बिना लाइसेंस और हेलमेट के वाहन चलाने वालों का चालान काटा।
यातायात विभाग ने नौनिहालों को भी विशेष रूप से समझाइश दी, जिन्हें दोपहिया वाहन चलाते हुए सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते हुए देखा गया। विभाग ने बच्चों को सड़क सुरक्षा और वाहन चलाने की जिम्मेदारी के बारे में जागरूक किया और उन्हें समझाया कि बिना उचित दस्तावेज़ और सुरक्षा उपकरण के वाहन चलाना खतरनाक हो सकता है।
साथ ही, विभाग ने वाहन के फिटनेस और बीमा से संबंधित नियमों के बारे में भी सभी वाहन मालिकों को चेतावनी दी और कहा कि किसी भी वाहन का फिटनेस और बीमा अनिवार्य रूप से अपडेट किया जाना चाहिए। बिना फिटनेस के वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा और भी बढ़ सकता है।
इससे पहले भी आगाज़ न्यूज ने छुईखदान नगर से सड़क किनारे अघोषित पार्किंग के मुद्दे पर खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद यातायात विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पार्किंग के अव्यवस्थित ढांचे को ठीक किया था। इस कदम को स्थानीय निवासियों और यातायात विशेषज्ञों ने सराहा था।
अब देखना यह है कि यह मुहिम कितनी सफल होती है और क्या यातायात विभाग आने वाले दिनों में इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रखेगा। हालांकि, नागरिकों और युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और नियमों का पालन करना सबसे महत्वपूर्ण कदम होगा।








