खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जिला कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में जिले के दूरस्थ वनांचल सहित विभिन्न बाजार क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया जा रहा है।
15 सितंबर को किराना दुकानों की जांच
15 सितंबर 2026 को विभागीय टीम ने विभिन्न किराना स्टोर्स का निरीक्षण किया। इस दौरान मेसर्स भारत किराना एवं जनरल स्टोर्स से पैक्ड हरा मटर का एक विधिक नमूना तथा पैक्ड नमकीन का एक सर्विलांस नमूना जांच के लिए संकलित किया गया।
वहीं यादव होटल का निरीक्षण कर संचालक को प्रतिष्ठान में आवश्यक साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
मैदा, टोस्ट और मसालों के नमूने लिए
इसी क्रम में 24 सितंबर 2026 को दीपक अनाज भंडार का निरीक्षण किया गया। यहां से मैदा एवं टोस्ट के दो विधिक नमूने तथा मासिक सर्विलांस ड्राइव के तहत हल्दी एवं मिर्च पाउडर के दो खाद्य नमूने जांच के लिए संकलित किए गए।
गोलबाजार में खाद्य प्रतिष्ठान की जांच
29 सितंबर 2026 को गोलबाजार क्षेत्र स्थित सांखला अनाज भंडार का निरीक्षण किया गया। यहां से जैन चुस्की चाय एवं अरहर दाल के दो विधिक नमूने तथा एवरेस्ट शाही पनीर मसाला एवं ताज हल्दी पाउडर के दो सर्विलांस खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए।
प्रतिष्ठान संचालक को भी आवश्यक साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
जांच के लिए भेजे जा रहे नमूने
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा संकलित सभी खाद्य नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए भेजा जा रहा है। विभाग द्वारा त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निरीक्षण एवं नमूना संकलन की कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही गई है।








