Buy Advt. Space

वडनगर से वाराणसी बाइक सेवा यात्रा को लेकर भाजयुमो की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न

By

सेवा संकल्प अभियान के तहत बाइक यात्रा की तैयारियों पर हुई चर्चा

भिलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में देशभर में चलाए जा रहे “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत प्रस्तावित “वडनगर से वाराणसी बाइक सेवा यात्रा—जल, जन एवं सेवा संकल्प यात्रा” को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) भिलाई, दुर्ग एवं राजनांदगांव जिला की महत्वपूर्ण बैठक भिलाई भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित की गई।

वरिष्ठ नेताओं ने दिया मार्गदर्शन

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं बिहार से आए सिद्धार्थ शंभू, भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, वैशाली नगर विधायक राकेश सेन तथा कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया।

वहीं भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा एवं जिला प्रभारी दीक्षा अग्रवाल ने आगामी कार्यक्रम की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति को लेकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

युवा शक्ति और राष्ट्रसेवा का संदेश देगी यात्रा

बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर से कर्मभूमि वाराणसी तक निकाली जा रही बाइक सेवा यात्रा युवा शक्ति, राष्ट्रसेवा और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है।

यात्रा के दौरान भिलाई जिला में आयोजित होने वाले लाभार्थी सम्मेलन को भव्य एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने के साथ ही तैयारियों की रूपरेखा तय की गई।

जनभागीदारी के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान

भाजयुमो जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल ने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता ऐतिहासिक बाइक सेवा यात्रा के स्वागत एवं इससे जुड़े कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ जुटेंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

भाजपा और भाजयुमो के पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में भाजपा जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, सुषमा जेठानी, दुर्ग महामंत्री विनोद अरोरा, राजनांदगांव महामंत्री सौरभ कोठारी, भाजयुमो दुर्ग जिलाध्यक्ष हिमांशु सिंह, महामंत्री अनिकेत यादव एवं आरुणि दानी, भाजयुमो राजनांदगांव महामंत्री नोमेष वर्मा सहित भिलाई जिला में निवासरत प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment