ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, विश्रामपुरी थाना क्षेत्र में युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने आरोपी त्रिलोचन मरकाम (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका था और जमानत पर रिहा होने के बाद युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। युवती की 27 अक्टूबर को आत्महत्या से मृत्यु होने के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को 29 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया।
शादी का झूठा वादा कर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतिका गनेश्वरी बैद्य की रिपोर्ट पर 12 सितंबर 2026 को थाना विश्रामपुरी में आरोपी त्रिलोचन मरकाम के विरुद्ध अपराध क्रमांक 71/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 में मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि आरोपी ने शादी करने का झूठा वादा कर युवती के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी करने से इनकार कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने 13 सितंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे जगदलपुर जेल भेज दिया गया था।
जमानत पर रिहा होने के बाद प्रताड़ित करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, न्यायालय से जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपी युवती को कथित तौर पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। इससे परेशान होकर युवती ने 27 अक्टूबर 2026 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
इस घटना के संबंध में 28 अक्टूबर को प्राप्त लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
लोकेशन के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चन्द्रा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अरुण नेताम के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई। थाना प्रभारी उप निरीक्षक विनोद नेताम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फरार आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने लोकेशन के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी त्रिलोचन मरकाम, पिता जयसिंह मरकाम, निवासी ग्राम हात्मा स्कूलपारा को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद 29 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विनोद नेताम, बांसकोट चौकी प्रभारी अमिताभ खाण्डेकर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुनयना मिंज, जितेन्द्र एक्का, प्रधान आरक्षक देवार्चन सिदार, महिला प्रधान आरक्षक जयो चंद्रवंशी तथा आरक्षक जागेष मण्डावी, अजय मरकाम और जम्मू मरकाम का विशेष योगदान रहा।








