Buy Advt. Space

जालबांधा में खाद्य विभाग की दूसरी कार्रवाई, किराना दुकानों और मोमोस सेंटर का निरीक्षण

By

खाद्य पदार्थों के 5 नमूने जांच के लिए लिए गए, अस्वच्छ मोमोस और आलू फिंगर चिप्स नष्ट

खैरागढ़-जालबांधा । जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के जालबांधा क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर दूसरी कार्रवाई की। कलेक्टर श्री इन्द्रजीत चंद्रवाल के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री आशीष शर्मा और अभिहित अधिकारी श्री सिद्धार्थ पांडे के मार्गदर्शन में विभागीय टीम ने विभिन्न किराना दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

वर्मा किराना से तीन विधिक नमूने लिए

निरीक्षण के दौरान मेसर्स वर्मा किराना से नमकीन, गुलाब जामुन (खजानी) और अरहर दाल के कुल 03 विधिक नमूने जांच के लिए संकलित किए गए। इन नमूनों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए भेजा जाएगा।

मोमोस सेंटर में मिली अस्वच्छता, खाद्य पदार्थ नष्ट

टीम ने कृष्णा मोमोस सेंटर का भी निरीक्षण किया। यहां से चायनीज पकौड़ा और तीखी लाल चटनी के 02 सर्विलांस नमूने जांच के लिए लिए गए।

निरीक्षण के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे गए मोमोस और आलू फिंगर चिप्स पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया गया। विभाग ने संचालक को खाद्य पंजीयन कराने के साथ खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।

लक्ष्य किराना स्टोर्स को भी दिए निर्देश

इसके अलावा मेसर्स लक्ष्य किराना स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। विभागीय अधिकारियों ने संचालक को प्रतिष्ठान में आवश्यक साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य अनुज्ञप्ति/पंजीयन को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

खाद्य कारोबारियों में हड़कंप

जालबांधा क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की लगातार कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment