Buy Advt. Space

नए आयुक्त लीना कोसम ने संभाला दुर्ग नगर निगम का कार्यभार

By

निवर्तमान आयुक्त मोहेंद्र साहू ने विधिवत सौंपा प्रभार, महापौर अलका बाघमार से की सौजन्य मुलाकात

दुर्ग, 4 सितंबर। नगर पालिक निगम दुर्ग में वर्ष 2020 बैच की आईएएस अधिकारी लीना कोसम ने गुरुवार को नगर निगम आयुक्त के पद पर पदभार ग्रहण कर कार्यभार संभाल लिया। दोपहर 1:30 बजे निवर्तमान आयुक्त मोहेंद्र साहू ने उन्हें विधिवत रूप से प्रभार सौंपा। इस अवसर पर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों और कर्मचारियों से लिया परिचय

पदभार ग्रहण करने के बाद आयुक्त लीना कोसम ने नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से बारी-बारी परिचय प्राप्त किया। उन्होंने अधिकारियों से उनके विभागों में संचालित कार्यों, योजनाओं तथा वर्तमान प्रगति की जानकारी ली।

आयुक्त ने अधिकारियों को कार्यों को समयबद्ध और बेहतर तरीके से पूर्ण करने पर विशेष जोर देने की बात कही।

मूलभूत सुविधाओं की बेहतर उपलब्धता होगी पहली प्राथमिकता

नवनियुक्त आयुक्त लीना कोसम ने कहा कि शहरवासियों तक मूलभूत सुविधाएं बेहतर तरीके से पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम से जुड़े विभिन्न कार्यों को समझने के साथ ही शहर की आवश्यकताओं और नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर निगम की सेवाओं को अधिक प्रभावी और बेहतर बनाने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा।

वेतन, पेंशन और निर्माण कार्यों की ली जानकारी

आयुक्त लीना कोसम ने कर्मचारियों के वेतन भुगतान, ट्रांसफर, ग्रेच्युटी एवं पेंशन प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने शहर में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों, स्वास्थ्य विभाग सहित निगम के अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की भी समीक्षा की।

उन्होंने विभागवार कार्यों की प्रगति, लंबित मामलों की स्थिति तथा उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की।

सोमवार को होगी विभागीय समीक्षा बैठक

विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान आयुक्त ने विभिन्न कार्यों की संक्षिप्त जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सोमवार को विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित कर सभी विभागों के कार्यों और योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

पदभार के बाद महापौर से की सौजन्य मुलाकात

नगर निगम आयुक्त का पदभार ग्रहण करने के बाद लीना कोसम ने महापौर अलका बाघमार से सौजन्य मुलाकात की। आयुक्त महापौर कक्ष पहुंचीं, जहां महापौर ने उनका स्वागत किया।

इस दौरान एमआईसी सदस्य, पार्षद एवं एल्डरमेन भी उपस्थित रहे।

अधिकारी-कर्मचारियों ने किया नए आयुक्त का स्वागत

नए आयुक्त के स्वागत के अवसर पर निवर्तमान आयुक्त मोहेंद्र साहू, कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, मोहम्मद सलीम सिद्दीकी, सहायक अभियंता गिरीश दिवान, हरिशंकर साहू, पंकज साहू, आर.के. बोरकर, दुर्गेश गुप्ता, संजय मिश्रा, अनिल सिंह सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment