ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर
बैठक में सीईओ श्री भोई ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक विभाग नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करे।
बस्तर मुन्ने अभियान में समय पर डेटा एंट्री के निर्देश
सीईओ ने बस्तर मुन्ने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी समय पर पोर्टल में दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं की वास्तविक प्रगति की प्रभावी निगरानी के लिए डेटा एंट्री शत-प्रतिशत सही एवं समयबद्ध होनी चाहिए।
जनदर्शन के लंबित मामलों का प्राथमिकता से करें निराकरण
बैठक में जनदर्शन के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा आवेदकों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने विकासखंडवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी मामलों के निपटारे पर जोर दिया।
आपसी समन्वय से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें
श्री भोई ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने लंबित प्रकरणों का नियमित अनुश्रवण कर शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।








