ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव,ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई ने विकासखंड कोण्डागांव की ग्राम पंचायत नेवता का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) एवं विभिन्न अभिसरण योजनाओं के तहत संचालित विकास कार्यों का स्थल पर जाकर निरीक्षण किया तथा उनकी प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की।
तालाब और चेक डैम निर्माण का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने मनरेगा के तहत निर्माणाधीन ‘नवा तरिया’ (नवीन तालाब) का अवलोकन किया। साथ ही कृषि विभाग के अभिसरण से बनाए जा रहे चेक डैम निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित तकनीकी अधिकारियों को स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
समय-सीमा और गुणवत्ता पर विशेष जोर
श्री भोई ने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने आवश्यकता अनुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जल संरक्षण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
उन्होंने कहा कि शासन ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान के तहत तालाब, चेक डैम, डबरी, जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन से जुड़े अधिक से अधिक कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर उन्हें शीघ्र क्रियान्वित किया जाए। इससे ग्रामीणों को रोजगार मिलने के साथ भविष्य में जल संकट से भी राहत मिलेगी।
समन्वय और पारदर्शिता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों में तेजी लाने, श्रमिकों को समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, तकनीकी अमला, पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








