ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव के अध्यक्ष श्री खिलावन राम रिगरी की अध्यक्षता में नारायणपुर स्थित विश्राम गृह में मॉनिटरिंग सेल एवं हिट एंड रन मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
न्यायालय भवन एवं मूलभूत सुविधाओं पर हुई चर्चा
बैठक में नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के निर्माण, न्यायालय परिसर में पीड़ित कक्ष की स्थापना, दिव्यांगजनों के लिए प्रसाधन कक्ष सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास को लेकर समीक्षा की गई। अधिकारियों ने इन कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।
हिट एंड रन मामलों में त्वरित क्षतिपूर्ति पर जोर
हिट एंड रन मामलों की समीक्षा के दौरान अज्ञात वाहनों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में मृतक एवं घायलों को शीघ्र क्लेम एवं क्षतिपूर्ति दिलाने की प्रक्रिया पर चर्चा की गई। पुलिस एवं परिवहन विभाग को आवश्यक दस्तावेज तैयार कर संबंधित एसडीएम के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र पीड़ितों को समय पर मुआवजा मिल सके।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में अपर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश नारायणपुर श्री जितेंद्र कुमार ठाकुर, पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिसन गुड़िया, अपर कलेक्टर श्री बीरेन्द्र बहादुर पंच भाई, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव गायत्री साय सहित नारायणपुर जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








