Buy Advt. Space

प्रधानमंत्री आवास पर स्थगन आदेश से रुका निर्माण, विधवा हितग्राही परेशान

By

रवि गहने खैरागढ़ जालबांधा (बफरा)। ग्राम पंचायत बफरा की एक विधवा हितग्राही का प्रधानमंत्री आवास निर्माण कार्य स्थगन आदेश के कारण रुक गया है। ग्राम पंचायत की सरपंच सरोजनी विजय लहरे ने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर शीघ्र समाधान की मांग की है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बफरा निवासी श्रीमती लता बाई पाठक के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ है। निर्माण कार्य ग्राम की आबादी भूमि खसरा क्रमांक 598 में किया जा रहा है। 30 मई 2026 को हल्का पटवारी द्वारा किए गए स्थल निरीक्षण में भी निर्माणाधीन मकान आबादी भूमि पर पाया गया।

इसके बावजूद आवास निर्माण पर लगाया गया स्थगन आदेश अब तक नहीं हटाया गया है। 8 जून 2026 को तहसीलदार न्यायालय में सुनवाई होने के बाद भी आदेश यथावत रहने से हितग्राही को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। मकान की छत ढलाई का कार्य रुक गया है, जबकि निर्माण में लगी सेंटरिंग का किराया लगातार बढ़ रहा है और खुले में रखी निर्माण सामग्री खराब होने की आशंका बनी हुई है।

ग्राम पंचायत का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य गरीब और आवासहीन परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। ऐसे में पात्र हितग्राही के निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी से योजना के उद्देश्य पर भी असर पड़ रहा है।

ग्राम पंचायत बफरा ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच, पुनः सीमांकन तथा हितग्राही को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है। सरपंच सरोजनी विजय लहरे ने कहा कि पंचायत गरीब और जरूरतमंद हितग्राहियों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और मामले को प्रशासन के समक्ष लगातार उठाया जाएगा।

Leave a Comment