ब्यूरो महेश प्रजापति रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत टेकारी गांव में खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे तभी उन्हें संदिग्ध हालत में एक शव पड़ा दिखाई दिया। शव की स्थिति खराब होने के कारण उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में दर्ज गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। विधानसभा थाना प्रभारी शिवेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर हर पहलू से जांच में जुटी हुई है। ग्रामीणों में घटना के बाद दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।
टेकारी गांव के खेत में मिला अज्ञात शव, हत्या की आशंका से सनसनी








