Buy Advt. Space

गोकुल नगर में खुला ट्रांसफार्मर बना खतरा, AAP नेता मिथलेश साहू ने उठाए सवाल

By

“मौत को आमंत्रण दे रहा खुला ट्रांसफार्मर, प्रशासन गहरी नींद में”

रायपुर, 29 मई 2026।आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष (सोशल मीडिया) एवं छाया पार्षद मिथलेश साहू ने गुढ़ियारी क्षेत्र के गोकुल नगर गली नंबर 02 में खुले पड़े बिजली ट्रांसफार्मर को लेकर बिजली विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बिना फेंसिंग और सुरक्षा रेलिंग के रास्ते पर रखा भारी ट्रांसफार्मर किसी बड़े हादसे को खुला निमंत्रण दे रहा है।

रिहायशी इलाके में जानलेवा लापरवाही

मिथलेश साहू ने कहा कि गोकुल नगर की घनी आबादी वाली गली में स्थित ट्रांसफार्मर पूरी तरह खुला पड़ा है। उसके चारों ओर न तो लोहे की जाली लगाई गई है और न ही किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि इस मार्ग से रोजाना महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे और मवेशी गुजरते हैं। आसपास बच्चे खेलते रहते हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

“जनप्रतिनिधि चुनाव बाद जनता को भूल चुके हैं”

स्थानीय पार्षद, विधायक और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर हमला बोलते हुए मिथलेश साहू ने कहा—

“यह बेहद शर्मनाक है कि चुनाव के बाद जनप्रतिनिधि जनता को उनके हाल पर छोड़ चुके हैं। बुनियादी सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अधिकारी केवल दफ्तरों में बैठकर फाइलें घुमा रहे हैं, जबकि जनता करंट के साए में जीने को मजबूर है।”

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे या मासूम बच्चे की मौत का इंतजार कर रहा है?

48 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा घेराव

AAP नेता ने बिजली विभाग (CSPDCL) और जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगले 48 घंटों के भीतर ट्रांसफार्मर के चारों ओर मजबूत फेंसिंग और सुरक्षा रेलिंग लगाई जाए।

उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आम आदमी पार्टी स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर गुढ़ियारी बिजली सब-स्टेशन का घेराव करेगी और उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की मांग

मिथलेश साहू ने प्रशासन से मांग की कि शहर के सभी खुले ट्रांसफार्मरों और बिजली उपकरणों का सर्वे कर तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाएं ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना रोकी जा सके।

Leave a Comment