Buy Advt. Space

दल्ली राजहरा में मिट्टी धंसने से 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत

By

दल्ली राजहरा में बीएसपी सीवरेज लाइन कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दास पान ठेला चौक के पास पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदे गए करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में मिट्टी धंसने से तीन मजदूर दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

मृतकों की पहचान किशुन कुमार, राकेश कुमार और महिला मजदूर बैशाखिन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मजदूर गड्ढे के भीतर सीवरेज पाइप बिछाने का काम कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी खिसक गई और उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

 

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन तब तक तीनों मजदूरों की मौत हो चुकी थी।

 

हादसे के बाद लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि मजदूरों को बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों और सुरक्षा इंतजामों के गहरे गड्ढे में उतारा गया था। घटना ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Leave a Comment