महेश प्रजापति सक्ती। जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
कड़ी कार्रवाई से बचाने मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, ग्राम बालपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने ACB बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके और परिवार के खिलाफ दर्ज मारपीट मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के एवज में ASI एस.एन. मिश्रा द्वारा 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
पहली किश्त पहले ही ले चुका था आरोपी
शिकायत के सत्यापन के दौरान पता चला कि आरोपी ASI पहले ही 20 हजार रुपये की एक किश्त ले चुका था। इसके बाद शेष 20 हजार रुपये लेते समय आरोपी को पकड़ने के लिए ACB ने ट्रैप की योजना बनाई।
ढाबे में लेते पकड़ा गया दूसरी किश्त
10 मई 2026 को प्रार्थी ने आरोपी को चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा में बुलाया। जैसे ही आरोपी ने दूसरी किश्त के रूप में 20 हजार रुपये लिए, ACB बिलासपुर की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया और रिश्वत की रकम बरामद कर ली।
रिश्वतखोरी की पहले से मिल रही थी शिकायतें
ACB के मुताबिक, आरोपी ASI के खिलाफ लगातार रिश्वतखोरी की शिकायतें मुखबिरों के माध्यम से मिल रही थीं। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
ACB ने जनता से की अपील
ACB ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी द्वारा रिश्वत मांगने पर तत्काल सूचना दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।








