रायपुर। राजधानी के वीआईपी इलाके तेलीबांधा स्थित होटल एरिना बुटिक में मिली दो विदेशी युवतियों के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की है। संदिग्ध गतिविधियों और वैध दस्तावेज नहीं होने के कारण दोनों युवतियों को हिरासत में लिया गया था।
जानकारी के अनुसार 9 जनवरी 2026 को तेलीबांधा पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल में दो विदेशी युवतियां ठहरी हुई हैं और उनकी गतिविधियां संदिग्ध हैं। सूचना पर पुलिस ने होटल में दबिश देकर दोनों युवतियों को हिरासत में लिया, लेकिन पूछताछ के दौरान वे भारत में रहने या यात्रा करने से संबंधित कोई वैध पासपोर्ट या वीजा प्रस्तुत नहीं कर सकीं।
इसके बाद दोनों को रायपुर सेंट्रल जेल परिसर स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया। पुलिस के अनुसार युवतियों को अपने दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कई मौके दिए गए, लेकिन करीब तीन महीने बीत जाने के बाद भी उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
मामले में अब पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए विदेशी विषयक अधिनियम के तहत दोनों युवतियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद संबंधित दूतावास से संपर्क कर युवतियों को उनके देश वापस भेजने की तैयारी की जा रही है।
रायपुर के होटल एरिना बुटिक में मिलीं दो उज्बेकिस्तान की युवतियां, 3 महीने बाद FIR








