
ब्यूरो चीफ: रवि गहने । खैरागढ़ जालबांधा। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के जालबांधा क्षेत्र में माइनिंग टीम ने ओवरलोड ईंट परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ईंट से भरे ट्रैक्टरों को पकड़ा है। जांच के दौरान टीम ने कुल पांच ट्रैक्टरों की जांच की, जिनमें निर्धारित क्षमता से अधिक ईंट लदी हुई पाई गई।
बताया जा रहा है कि प्रत्येक ट्रैक्टर में लगभग दो हजार ईंट भरी हुई थी, जबकि नियमों के अनुसार एक ट्रैक्टर में करीब 1500 ईंट ही ले जाने की अनुमति होती है। माइनिंग टीम ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर ट्रैक्टरों की जांच कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कई मालवाहक वाहन अक्सर ओवरलोड सामग्री का परिवहन करते हैं। वहीं रात के समय आमनेर नदी, बफरा, मड़ौदा और मुड़पार घाट से बिना वैध अनुमति के रेत की सप्लाई किए जाने की भी शिकायत सामने आई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के अवैध परिवहन से शासन के नियमों की अनदेखी हो रही है और संबंधित वाहन मालिकों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। मामले को लेकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।








