रायपुर। प्रदेश में एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरों के बीच राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने तेल कंपनियों के अधिकारियों को आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में तेल कंपनियों ने बताया कि प्रदेश के सभी 5 एलपीजी बॉटलिंग प्लांटों में पर्याप्त गैस स्टॉक मौजूद है और घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। सचिव ने कहा कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और वितरण व्यवस्था की रोजाना मॉनिटरिंग की जाएगी।
परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों में गैस सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अस्पतालों को कमर्शियल एलपीजी की प्राथमिकता सूची में रखा गया है। वहीं परिस्थितियों को देखते हुए होटलों को भी सीमित मात्रा में कमर्शियल गैस उपलब्ध कराने पर विचार करने को कहा गया है।
खाद्य सचिव ने अवैध गैस रिफिलिंग और एलपीजी के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में राज्य के पेट्रोल-डीजल डिपो की भी समीक्षा की गई, जिसमें अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी भी पेट्रोल पंप पर कमी की स्थिति नहीं है।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विभाग ने टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-3663 जारी किया है। किसी भी तरह की समस्या होने पर उपभोक्ता इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
छत्तीसगढ़ में LPG और पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक, कालाबाजारी पर सख्ती








