Buy Advt. Space

कोरबा में ट्रकों की भिड़ंत के बाद आग, चालक जिंदा जला

By

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के केंदई झरना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोयला और सीमेंट से लदे दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में एक ट्रक चालक केबिन में फंस गया और जिंदा जल गया, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि तेज धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। टकराते ही दोनों ट्रक आग के गोले में बदल गए। एक ट्रक में कोयला भरा होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में ट्रकों का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

घटना केंदई चौकी क्षेत्र के अंतर्गत केंदई झरना के पास हुई। हादसे में एक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरे ट्रक के चालक और परिचालक को स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आग और धुएं के बीच से बाहर निकाला। दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही केंदई चौकी पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सामान्य किया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Leave a Comment