Buy Advt. Space

खैरागढ़ में पशु तस्करी पर कड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

By

खैरागढ़। जिला केसीजी पुलिस टीम ने पशु तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को दो मवेशियों के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना गातापार क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ी जंगल में की गई।

पुलिस के अनुसार आरोपी कुदरत खान (32 वर्ष), निवासी टीमकीटोला थाना बहेला जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) एवं भुनेश्वर बघेल (35 वर्ष), निवासी गाड़ाघाट थाना गातापार जिला केसीजी को खैरागढ़ की ओर से जंगल रास्ते नागपुर (महाराष्ट्र) स्थित कथित कत्लखाना ले जाते समय पकड़ा गया। आरोपी दो भैंस/पड़वा को क्रूरता पूर्वक पैर व गले में रस्सी बांधकर, बिना चारा-पानी के लाठी-डंडे से मारते हुए ले जा रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक भैंस, एक पड़वा (कुल कीमत लगभग ₹11,000), तीन प्लास्टिक रस्सी तथा एक होंडा साइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 MU 0414) कीमत लगभग ₹30,000 जब्त की है।

मामले में अपराध क्रमांक 14/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में पशु तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Comment