दुर्ग । दुर्ग जिले के थाना नेवई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रकों से वायर चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 07 फरवरी 2026 को प्रार्थी आकाश कुमार राय ने थाना नेवई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि उनके ट्रांसपोर्ट में कुल 15 ट्रक हैं, जिनमें से 06 फरवरी 2026 की रात मैत्री कुंज, रिसाली स्थित आशीर्वाद भवन के पास सड़क किनारे खड़े 5 ट्रकों से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा वायर चोरी की जा रही थी।
रात्रि करीब 10:30 बजे, खाना खाने के बाद टहलते समय प्रार्थी ने देखा कि तीन युवक ट्रकों से छेड़छाड़ कर रहे थे। शोर मचाने पर आरोपी भागने लगे, जिनमें से एक व्यक्ति लीलाधर बघेल उर्फ दादू, निवासी मोहारी मरौदा, चोरी किए गए वायर लेकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
जांच में पाया गया कि ट्रकों से टर्मिनल वायर, मेन वायर, बैटरी वायर सहित अन्य वायर काटकर चोरी किए गए थे, जिनकी कुल कीमत करीब 6000 रुपये है।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी लीलाधर बघेल उर्फ दादू (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए वायर के टुकड़े (कीमत लगभग 500 रुपये) बरामद कर जब्त किए। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 066/2026, धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर 08 फरवरी 2026 को उसे माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर के निर्देशन में थाना प्रभारी नेवई अनिल कुमार साहू, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीकांत रावटे (क्रमांक 1117) एवं आरक्षक रवि बिसाई (क्रमांक 1603) का सराहनीय योगदान रहा।
नेवई पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ट्रक वायर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार








