Buy Advt. Space

तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत, दो मासूम घायल

By

कांकेर।शहर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और उनके पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा गौरवपथ पर पंडरीपानी के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर एक ही परिवार के चार सदस्य सवार थे। सामने से आ रही बस अत्यधिक तेज गति में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। बस की सीधी टक्कर से बाइक सवार पिता मुकेश और उनके पुत्र खिलेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे में बाइक पर सवार दो अन्य मासूम बच्चियां लीशा मंडावी और दुर्गेश्वरी मंडावी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटना नगर के बाईपास क्षेत्र, अंग्रेजी शराब दुकान के पास, कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हुई। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बस चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। नागरिकों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की मांग की है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और तेज गति से वाहन न चलाएं, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Comment