पितेश्वर हरपाल गरियाबंद । जिले में चल रही अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन की निश्चितकालीन हड़ताल को जिला कांग्रेस कमेटी गरियाबंद का समर्थन मिला है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री सुखचंद बेसरा हड़ताल स्थल पर पहुंचे और आंदोलनरत अधिकारी-कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी मांगों को जायज ठहराया।
11 सूत्रीय मांगों को बताया न्यायोचित
हड़ताल स्थल पर उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए श्री बेसरा ने कहा कि अधिकारी-कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगें पूरी तरह न्यायसंगत हैं और सरकार को इन्हें गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि ये मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। चुनाव के समय कर्मचारियों से किए गए वादे अब तक पूरे नहीं किए गए हैं, जिससे अधिकारी-कर्मचारी वर्ग स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
जल्द समाधान की मांग
उन्होंने सरकार से मांग की कि अधिकारी-कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगों को अविलंब पूरा किया जाए, ताकि हड़ताल समाप्त हो सके और शासकीय कार्य व्यवस्था सामान्य हो। कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।








