Buy Advt. Space

क्राइम न्यूज;लोहरसी धान केंद्र में लापरवाही, नमी कटौती पर किसानों का उग्र प्रदर्शन

By

पितेश्वर हरपाल गरियाबंद ।लोहरसी धान खरीदी केंद्र में आज बड़ी लापरवाही सामने आने के बाद किसानों का गुस्सा भड़क उठा। किसानों ने आरोप लगाया कि केंद्र में धान में अधिक नमी दिखाकर प्रत्येक बोरी पर 1 किलो अतिरिक्त कटौती की जा रही है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

नमी के नाम पर जबरन कटौती का आरोप

किसानों का कहना है कि खरीदी केंद्र के कर्मचारी बिना उचित जांच के नमी बताकर जबरन कटौती कर रहे हैं। इससे न केवल खरीदी प्रक्रिया अव्यवस्थित हुई है, बल्कि किसानों की मेहनत की कमाई पर भी सीधा असर पड़ रहा है।

मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य

किसानों के विरोध की सूचना मिलते ही जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महाडिक मौके पर पहुंचे। यहां बड़ी संख्या में किसान जुटकर जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं और खरीदी केंद्र की कार्यप्रणाली पर कड़ा विरोध जता रहे हैं।

कर्मचारियों पर मनमानी का आरोप

किसानों ने खरीदी केंद्र के कर्मचारियों पर नियमों का उल्लंघन, मनमानी और पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की अनियमितता से धान विक्रय करने आए किसानों का गंभीर रूप से शोषण हो रहा है।

कार्रवाई की मांग, प्रदर्शन जारी

किसानों ने चेतावनी दी है कि जब तक प्रशासन उचित कदम नहीं उठाता, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। वे धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और न्यायसंगत बनाने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment