गरियाबंद / फिंगेश्वर ग्राम चरौदा में दिल दहलाने वाली वारदात
पितेश्वर हरपाल फिंगेश्वर । थाना क्षेत्र के ग्राम चरौदा में बीती रात अज्ञात चोरों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। गांव के सरपंच गजानंद साहू की किराना दुकान में चोरी करने के बाद चोरों ने सबूत मिटाने की नीयत से दुकान में आग लगा दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है।
चोर छत से घुसे, सामान और कैश ले उड़े
सूत्रों के मुताबिक, चोर पास में बन रहे मकान की छत से उतरकर दुकान में घुसे। दुकान के भीतर रखे सामान और नकदी को लूटने के बाद उन्होंने दुकान में आग लगा दी। आगजनी में लाखों का माल जलकर राख हो गया।
मौत का खतरा: गैस सिलेंडर भी चपेट में आने वाला था
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दुकान में रखा गैस सिलेंडर भी खतरनाक स्थिति में पहुंच गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सिलेंडर फट जाता तो गांव में बड़ा हादसा हो सकता था। सौभाग्य से सिलेंडर सुरक्षित रहा।
5 लाख से ज्यादा का नुकसान सरपंच के पुत्र का बयान
दुकान मालिक एवं सरपंच गजानंद साहू के पुत्र दिग्विजय साहू ने बताया कि इस घटना में करीब 5 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि दुकान में रखा लगभग सारा सामान जल चुका है।
सुबह खुला राज, दुकान में जला हुआ मंजर
घटना का पता तब चला जब दिग्विजय साहू रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे। अंदर की भयावह स्थिति देखकर उन्होंने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण स्थल पर पहुंच गए।
चोरों की सक्रियता बढ़ी, सुरक्षा पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से फिंगेश्वर क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। ग्रामीणों ने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस ने की जांच शुरू, सीसीटीवी और संदिग्धों पर नजर
यह घटना 4 दिसंबर की रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संभावित संदिग्धों और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
फिंगेश्वर में सरपंच की दुकान में चोरी के बाद आगजनी, लाखों का नुकसान








