पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। रसेला से छुरा नगर मुख्यालय को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग अपनी सबसे खराब स्थिति से गुजर रहा है। पीडब्ल्यूडी विभाग के अधीन यह सड़क पिछले कई महीनों से बदहाली का शिकार है। डामर पूरी तरह उखड़ चुका है और रास्ता जगह–जगह गहरे गड्ढों में बदल चुका है, जिससे आमजन का दैनिक सफर खतरनाक बन गया है।
हर दिन जोखिम उठाकर सफर करने को मजबूर लोग

इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते हैं स्कूल-कॉलेज छात्र, शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी, कार्यालयीन कर्मचारी और आसपास के गांवों के ग्रामीण। राहगीरों का कहना है कि गड्ढों के कारण टू-व्हीलर चालक अक्सर फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं, लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ।
बरसात में सड़क बन जाती है ‘मौत का कुंआ’
ग्रामीण बताते हैं कि बारिश के दौरान हालात और भयावह हो जाते हैं। गड्ढों में पानी भर जाता है और असली सड़क दिखाई ही नहीं देती। कई वाहन चालक अचानक गहरे गड्ढों में गिर जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। लोगों का कहना है कि यह मार्ग मानसून में जानलेवा साबित होता है।
शिकायतों के बाद भी पीडब्ल्यूडी की चुप्पी
ग्रामीणों ने कई बार पीडब्ल्यूडी को लिखित और मौखिक शिकायतें दी हैं। इसके बावजूद विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
कुछ महीने पहले सड़क की दयनीय हालत मीडिया में आने के बाद पीडब्ल्यूडी इंजीनियर खिलावन सकारिया ने दावा किया था
“दिवाली से पहले कंक्रीट डलवाया जा रहा है, दिवाली के बाद सड़क पूरी तरह पक्की कर दी जाएगी।”
लेकिन दिवाली बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इससे जनता में भारी नाराजगी है और ग्रामीण इसे विभाग की उदासीनता व लापरवाही बताते हैं।
ग्रामीणों की चेतावनी: जल्द सुधार नहीं तो उग्र आंदोलन
लगातार बढ़ते आक्रोश के बीच ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द सड़क मरम्मत नहीं की गई, तो वे चक्का जाम और बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उनका कहना है कि यह केवल एक सड़क नहीं, बल्कि आसपास के कई गांवों की जीवनरेखा है, इसलिए इसकी मरम्मत अत्यंत आवश्यक है।
प्रशासन से तत्काल दखल की मांग
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क की दुर्दशा के चलते लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की जान जोखिम में है। ग्रामीणों को भरोसा है कि प्रशासन उनकी समस्या पर जल्द ध्यान देगा और इस महत्वपूर्ण मार्ग की मरम्मत तत्काल शुरू कराएगा।








