Buy Advt. Space

जतमई-घटारानी लौटते युवकों से फिल्मी अंदाज़ में लूट, पुलिस ने सात आरोपी पकड़े

By

पर्यटन से लौटते वक्त दोस्तों के साथ लूट की वारदात

पितेश्वर हरपाल गरियाबंद के जतमई-घटारानी घूमकर लौट रहे तीन दोस्तों के साथ केडिआमा तालाब के पास बुधवार शाम लूट की वारदात हो गई। तीन मोटरसाइकिलों में सवार सात युवकों ने बाइक ओवरटेक कर राह रोक ली और मारपीट करते हुए मोबाइल, नकदी और अन्य सामान लूट लिया।

ओवरटेक के बाद मारपीट और लूट

पीड़ितों के अनुसार, बदमाशों ने पहले उनकी बाइक रोकी, फिर चाबी निकालकर डराने की कोशिश की। इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए तीन मोबाइल फोन और करीब 4400 रुपए नकद लूट लिए। अचानक हुए इस हमले से पीड़ित युवक घबरा गए और तुरंत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

छुरा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई

शिकायत मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर छुरा थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम ने देर रात ही जांच शुरू कर दी। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की और अगले ही दिन सभी को गिरफ्तार कर लिया।

सात आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल

पुलिस ने सात आरोपियों को पकड़ा है, जिसमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। आरोपियों में गरियाबंद, बेमेतरा, धमतरी और रायपुर जिले के युवक बताए जा रहे हैं। कई आरोपी पहले भी विभिन्न अपराधों में लिप्त रहे हैं और कुछ के खिलाफ आर्म्स एक्ट, मारपीट व धमकी जैसे मामलों में रिकॉर्ड मौजूद है।

लूट का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों से

  • 3 मोबाइल फोन
  • 4400 रुपए नकद
  • 2 मोटरसाइकिलें
  • 1 स्कूटी

बरामद कर ली है। सभी आरोपियों के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

स्थानीय क्षेत्र में दहशत, पुलिस ने बढ़ाई गश्त

घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और आश्वासन दिया है कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment