Buy Advt. Space

उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मिले स्थानीय पत्रकार, डीजीपी से बात कर समाधान का दिया आश्वासन

By

अंकित टाटिया बालोद। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव से रविवार को बालोद क्षेत्र के दर्जनों पत्रकारों ने मुलाकात कर पत्रकार सुरक्षा, प्रशासनिक व्यवहार और हाल ही में बढ़ती अनावश्यक FIR कार्रवाई जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। पत्रकारों ने अपने आवेदन के साथ कई उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि क्षेत्र में पत्रकारों के विरुद्ध द्वेषपूर्ण रवैया अपनाए जाने और निराधार मामले दर्ज करने की घटनाएँ बढ़ रही हैं, जिससे मीडिया कर्मियों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।

पत्रकारों ने दावा किया कि कई बार जमीनी स्तर पर कार्य करते समय उन्हें न केवल प्रशासनिक असहयोग का सामना करना पड़ता है बल्कि कुछ मामलों में सच्चाई उजागर करने पर उन्हें प्रताड़ित करने की कोशिश भी की जाती है। इससे न केवल पत्रकारिता प्रभावित हो रही है बल्कि प्रेस स्वतंत्रता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी तथ्यों और उदाहरणों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि वे इस विषय में प्रदेश के डीजीपी से चर्चा करेंगे और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके खिलाफ किसी भी बिना आधार या दुर्भावना से प्रेरित कार्रवाई को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुलाकात के दौरान पत्रकारों ने क्षेत्र में काम करते समय आने वाली व्यावहारिक परेशानियों, फील्ड रिपोर्टिंग में सुरक्षा की कमी और प्रशासनिक सहयोग की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन द्वारा उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

इस दौरान वीरेंद्र भारद्वाज, नरेंद्र खोब्रागड़े, आलोक गुप्ता सहित अंचल के अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Comment