
जगदलपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। करपावंड थाना क्षेत्र की रहने वाली विवाहिता सृष्टि उर्फ प्रिया गुप्ता ने अपने घर की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना 15 अक्टूबर की बताई जा रही है। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मौत को सामान्य बताया जा रहा था, लेकिन बाद में एक सुसाइड नोट मिलने से पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया।
मृतका ने आत्महत्या से पहले अपने पिता को संबोधित एक सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें उसने ससुराल वालों पर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया। उसने लिखा — “पापा, मैं बहुत परेशान हूं। ससुराल वाले मुझे दहेज के लिए मारते हैं और आप लोगों को गालियां देते हैं। मुझे यहां प्यार नहीं मिलता। आज मेरा चीरहरण किया गया है। सीसीटीवी में सुबह 7.35 बजे सबूत मिल जाएगा।”
इस चिट्ठी के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मृतका के पति सतेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 108, 115(2), 296 और 351(2) समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस अन्य परिजनों से भी पूछताछ कर रही है।








