
पितेश्वर हरपाल। राजिम क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां चार बदमाशों ने राहगीर से लूटपाट की और मारपीट करते हुए उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यह मामला फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के हथखोज गांव का है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की पहचान मोतीलाल साहू, थानेश साहू, बादशाह खान और असफाक कुरैशी के रूप में हुई है। पुलिस ने इन अपराधियों का इलाके में जुलूस भी निकाला ताकि लोगों में कानून का भय बना रहे। जुलूस के दौरान आरोपी कहते दिखे“लूटपाट करना पाप है, कानून हमारा बाप है।”
पुलिस जांच में सामने आया कि इन आरोपियों ने राजिम व फिंगेश्वर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों में कई वारदातें की थीं। दो बाइकों पर सवार होकर इन्होंने 8,000 रुपये तक की लूट की थी। अब तक दो पीड़ितों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 119(1), 209(6), 126(1), 3 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है।








