रायपुर। राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति को खंडित किए जाने की घटना ने पूरे प्रदेश में बवाल मचा दिया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर स्थानीय संगठनों और लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। जानकारी के अनुसार, अज्ञात असामाजिक तत्वों ने रात के अंधेरे में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को निशाना बनाया। पहले प्रतिमा का सिर तोड़ा गया, फिर पूरी मूर्ति को उखाड़कर फेंक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
घटना की खबर फैलते ही छत्तीसगढ़ी क्रांति सेना के सदस्य और पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। संगठन ने इस घटना को छत्तीसगढ़ की अस्मिता और आस्था पर हमला बताया है। क्रांति सेना के सदस्यों ने कहा कि “छत्तीसगढ़ महतारी हमारे गर्व और संस्कृति की प्रतीक हैं। इस तरह की हरकतें प्रदेश की भावना को ठेस पहुंचाने वाली हैं। दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए।”
जांच में जुटी पुलिस
तेलीबांधा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस शर्मनाक घटना को किसने अंजाम दिया, लेकिन पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान है कि किसी असामाजिक तत्व या नशे में धुत लोगों ने यह करतूत की होगी। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच जारी है।
संगठनों में रोष, प्रदेशभर में विरोध की तैयारी
छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़े जाने की घटना के बाद न सिर्फ रायपुर बल्कि अन्य जिलों में भी विरोध की लहर फैल गई है। धमतरी, बिलासपुर, और महासमुंद जैसे जिलों में भी छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और कई सामाजिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। रविवार को धमतरी में इन संगठनों ने गांधी मैदान में एकत्र होकर नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
छत्तीसगढ़ महतारी का सांस्कृतिक महत्व
छत्तीसगढ़ में ‘छत्तीसगढ़ महतारी’ को प्रदेश की जननी और धन-धान्य की देवी के रूप में पूजा जाता है। इसे भगवान की तरह सम्मान दिया जाता है। हर सांस्कृतिक आयोजन की शुरुआत महतारी की वंदना से होती है। ऐसे में मूर्ति तोड़े जाने की घटना न केवल धार्मिक आस्था बल्कि सांस्कृतिक भावनाओं पर भी चोट मानी जा रही है।
लोगों की मांग – दोषियों पर सख्त कार्रवाई
घटना के बाद से सोशल मीडिया पर भी लोग आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर #ChhattisgarhMahatari और #RaipurProtest जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रदेश सरकार को इस मामले में सख्त कदम उठाना चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करे।
पुलिस प्रशासन की अपील
तेलीबांधा थाना प्रभारी ने कहा कि घटना गंभीर है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। उन्होंने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला अब सिर्फ तोड़फोड़ का नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता और आस्था से जुड़ा मुद्दा बन गया है। देखना होगा कि पुलिस कब तक इस मामले का खुलासा करती है और दोषियों को सजा दिलाने में कितनी तेजी दिखाती है।
अस्मिता पर हमला: रायपुर में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति खंडित








