Buy Advt. Space

फिंगेश्वर में दर्दनाक हादसा, नदी में डूबने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत

By


पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। जिले के फिंगेश्वर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां सुखा नदी में नहाने गए 10 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की मदद से बच्चे का शव नदी से बाहर निकाला गया। घटना के बाद पूरे नगर में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे का नाम साहिल सोनकर है, जो फिंगेश्वर नगर पंचायत का निवासी था। वह रोज की तरह शुक्रवार सुबह अपने दोस्तों के साथ कार्तिक स्नान के लिए नदी गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथ गए बच्चों ने शोर मचाकर लोगों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

करीब दो घंटे की खोजबीन के बाद साहिल का शव निकाला गया और उसे फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दीपावली के पहले दिन इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है।

फिंगेश्वर थाना एएसआई सी. एस. देशमुख ने बताया कि बच्चे की डूबने की सूचना पर तत्काल टीम भेजी गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Comment