पीतेश्वर हरपाल गरियाबंद। जिले के छुरा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जतमई माता मंदिर मोड़ पर बाइक सवार युवक सड़क किनारे खड़े रोड रोलर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक परमेश्वर ध्रुव (निवासी बेलरदोना, मगरलोड) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने परमेश्वर ध्रुव को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथी का इलाज जारी है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक नशे की हालत में बाइक चला रहा था और मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में लगे वाहनों को सड़क पर लापरवाही से खड़ा करने पर भी सवाल उठाए हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।








